नगर पंचायत शाहपुर पर केवल पठानिया का कब्जा, उषा अध्यक्ष व विजय बने उपाध्यक्ष

Spread the love

आवाज ए हिमाचल

दीपक गुप्ता, शाहपुर। साल 2021 को आस्तित्व में आई शाहपुर नगर पंचायत का मात्र ढाई साल में ही दूसरी बार तख्ता पलट हो गया।शुक्रवार को हुई चुनावी प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस समर्थित वार्ड एक की पार्षद उषा शर्मा को अध्यक्ष व वार्ड सात के पार्षद विजय गुलेरिया को उपाध्यक्ष चुन लिया गया।इसमें अहम बात यह है कि अध्यक्ष उपाध्यक्ष का चुनाव सर्वसहमति के साथ हो गया।इस सारे एपिसोड में शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया एक बार मंझे हुए खिलाड़ी साबित हुए है। भाजपा सरकार में मंत्री रही सरवीन चौधरी ने मार्च 2022 में जिस तरह से कांग्रेस समर्थित एक पार्षद को ढाल बनाकर चक्रव्यू रच कर तख्तापलट किया था, विधायक केवल सिंह पठानिया ने आज एक साल छह माह बाद उसी चक्रव्यू को भेद कर न सिर्फ भाजपा के सभी पार्षदों को अपने खेमे में लाकर सर्वसहमति से अपना अध्यक्ष उपाध्यक्ष बना लिया, बल्कि पूरे प्रदेश को अपनी जमीनी पकड़ व कुशल रणनीतिकार होने का एहसास भी करवा दिया। यहां बता दे कि शाहपुर नगर पंचायत की शुरुआत में वार्ड दो की पार्षद ऊष्मा चौहान को अध्यक्ष व वार्ड सात के पार्षद विजय गुलेरिया को उपाध्यक्ष बनाया गया था। तत्कालीन मंत्री व शाहपुर की विधायक सरवीन चौधरी ने एक साल बाद ही कांग्रेस समर्थित पार्षद को अपने खेमे में लाकर तख्तापलट कर दिया था। उस दौरान वार्ड पांच की पार्षद निशा शर्मा को अध्यक्ष व वार्ड छह की पार्षद किरण कौशल को उपाध्यक्ष बनाया गया था। प्रदेश में विधानसभा चुनाव हुए तो सरवीन चौधरी चुनाव हार गई तथा केवल सिंह पठानिया शाहपुर के विधायक बन गए। केवल सिंह पठानिया के विधायक बनते ही शाहपुर नगर पंचायत में तख्तापलट को रणनीति बनना शुरू हो गई तथा इसी माह तीन जुलाई को भाजपा समर्थित पार्षद आज़ाद के साथ ऊष्मा चौहान,विजय गुलेरिया व उषा शर्मा ने अध्यक्ष निशा शर्मा व उपाध्यक्ष किरण कौशल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव एसडीएम शाहपुर को सौंप दिया। अविश्वास प्रस्ताव सौंपने के कुछ दिनों बाद ही किरण कौशल ने केवल सिंह पठानिया के घर जाकर कांग्रेस में पुनः वापसी कर ली तथा उसके बाद भाजपा समर्थित पार्षदों को भी इस तरह से मोल्ड किया कि वे भी अध्यक्ष उपाध्यक्ष का चुनाव सर्वसहमति से करने पर राजी हो गए है। शुक्रवार को नगर पंचायत शाहपुर में चुनाव हुआ तो सात में छह पार्षदों ने सर्वसहमति से उषा शर्मा को अध्यक्ष व विजय गुलेरिया को उपाध्यक्ष चुन लिया गया।वार्ड दो की पार्षद ऊष्मा चौहान बैठक में शामिल नहीं हुई।

विधायक केवल सिंह पठानिया ने अध्यक्ष उपाध्यक्ष को बधाई देने संग सभी पार्षदों का आभार भी जताया। उन्होंने शाहपुर नगर पंचायत के सभी वार्डो में एक समान विकास करवाने का वादा भी किया। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को जाता है, जिन्होंने सत्ता संभालते ही व्यवस्था परिवर्तन का नारा दिया था तथा यह व्यवस्था परिवर्तन आज शाहपुर की जनता ने दिखा दी है। सभी पार्षदों ने इकट्ठा होकर जिस तरह से सर्वसहमति से अध्यक्ष उपाध्यक्ष का चुनाव किया है,इसे है व्यवस्था परिवर्तन कहा जता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *