26 नवम्बर: कॅरियर प्वाइंट विश्वविद्यालय के विधि विभाग की ओर से ‘समकालीन भारत में संवैधानिक मूल्य, अधिकार, न्याय एवं शासन’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार बुधवार को शुरू हुआ। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने इसका शुभारंभ किया। सेमिनार में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए विधि विशेषज्ञ, अधिवक्ता, शिक्षक और विद्यार्थी संविधान, मानवाधिकार, सामाजिक न्याय, महिला सुरक्षा तथा निःशुल्क कानूनी सहायता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।
इस अवसर पर सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि ऐसे आयोजनों से कानून के विद्यार्थियों को अनुभवी विधि विशेषज्ञों से संवाद करने और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की स्थायी पीठ स्थापित करने की दिशा में विशेष पहल की है। इसके लिए हिमाचल प्रदेश विधानसभा में प्रस्ताव भी पारित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य कांगड़ा, चंबा और निचले हिमाचल के अन्य जिलों के लोगों को न्याय के लिए शिमला की लंबी यात्रा से राहत दिलाना है। इससे कानून के विद्यार्थियों के लिए भी रोजगार और व्यावसायिक विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने लगभग चार वर्ष के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं और ऐसी कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव शर्मा ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि उसे व्यावहारिक जीवन में अपनाकर समाज के हित में उपयोग करना भी है। विधि विभाग की अध्यक्ष डॉ. मनु शर्मा ने सेमिनार की रूपरेखा प्रस्तुत की और इसके उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने प्रो बोनो क्लब की गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि कानूनी जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों तक न्याय पहुंचाने में इसकी अहम भूमिका है।
सेमिनार के तकनीकी सत्रों में डॉ. ओंकार भाटिया ने भारतीय संविधान के निर्माण, संविधान सभा की भूमिका और संवैधानिक मूल्यों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 16, 32 और 226 की व्याख्या करते हुए समानता, न्याय और बंधुत्व के महत्व को रेखांकित किया। आशिबा गुप्ता ने ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के मानवाधिकारों, समानता और कानूनी संरक्षण से जुड़े पहलुओं पर विचार रखे। अधिवक्ता अमित शर्मा ने प्रो बोनो विधिक सेवाओं और निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी देते हुए 15100 हेल्पलाइन तथा न्याय बंधु ऐप के माध्यम से मिलने वाली सहायता की प्रक्रिया समझाई। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य विजय कुमार डोगरा ने महिलाओं के विरुद्ध हिंसा, उनके कानूनी अधिकारों और महिला सुरक्षा के लिए जागरूकता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
इस दौरान विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों एडवोकेट आरके जसरोटिया, एडवोकेट चेतराम कश्यप, एडवोकेट हिमांशु, एडवोकेट खुशबू, एडवोकेट दीक्षा शर्मा और एडवोकेट वेनिका को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इनके अलावा अधिवक्ता रेखा शर्मा तथा वरिष्ठ नागरिकों प्रताप सिंह, कृष्ण चंद, गुरुदेव सिंह, जगदीश चंद वर्मा, सोहन सिंह और कुलवंत सिंह पठानिया को भी सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार गुलशन संधू ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।