धर्मपुर में हल्दी उत्पादन बढ़ाने पर जोर, किसानों से उन्नत तकनीक अपनाने का आह्वान

30 सितंबर: कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा), विकास खंड धर्मपुर की ओर से नैना माता मंदिर, त्रयंबला में एक दिवसीय किसान गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें विकास खंड धर्मपुर के करीब 154 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और किसानों से क्षेत्र में हल्दी की खेती एवं उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया।

चंद्रशेखर ने कहा कि धर्मपुर की मिट्टी और जलवायु हल्दी की खेती के लिए अनुकूल है। किसानों और संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से धर्मपुर को प्रमुख हल्दी उत्पादक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने किसानों से हल्दी की वैज्ञानिक एवं उन्नत तकनीकों को अपनाने तथा सरकार की विभिन्न अनुदान एवं प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हल्दी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन और विभागीय सहयोग उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे।

विधायक ने किसानों को समितियों का गठन कर डेयरी फार्मिंग और दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए भी प्रेरित किया। इसके अलावा अदरक की खेती को प्रोत्साहित करने तथा देसी दालों और स्थानीय सब्जियों के बीजों के संरक्षण एवं उत्पादन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक कृषि ज्ञान को आधुनिक तकनीकों से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाई जा सकती है।

परियोजना निदेशक आत्मा, मंडी डॉ. राकेश पटियाल ने किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभ और इसकी तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ कृषि को अधिक टिकाऊ बनाने में सहायक है। कृषि, उद्यान और पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने भी किसानों को विभिन्न योजनाओं, अनुदान और विभागीय सुविधाओं की जानकारी दी। इस दौरान किसानों को धनिया, मेथी और पालक के बीज भी वितरित किए गए।

खंड तकनीकी प्रबंधक सरिता ठाकुर ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री करवाने के लिए प्रोत्साहित किया। खंड किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष अजय कुमार ने प्राकृतिक खेती में अपने अनुभव साझा किए। प्रगतिशील किसान बिना देवी, कमला देवी, चंपा कुमारी, संगीता कुमारी और कंचना ने भी प्राकृतिक खेती से जुड़े अनुभव साझा किए।

इस अवसर पर विषयवाद विशेषज्ञ डॉ. रमेश चंद, डॉ. अनिल ठाकुर, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. कनिका, सहायक तकनीकी प्रबंधक विशाल ठाकुर और शिखा कटोच सहित अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *