देहरा विश्विद्यालय को मंजूर हुई 81 हेक्टेयर भूमि

Spread the love

आवाज ए हिमाचल 

15 जून। केंद्रीय विश्वविद्यालय के देहरा में परिसर निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से देहरा में विवि को मंजूर हुई 81 हेक्टेयर वन भूमि का कब्जा विवि प्रशासन को मिल गया है। सोमवार को वन विभाग और विवि प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में जमीन के कागजात विवि को सौंपे गए। विवि प्रशासन ने जल शक्ति विभाग के देहरा रेस्ट हाउस में वन विभाग के अधिकारियों के साथ संबंधित भूमि की जानकारी हासिल की।

केंद्रीय विवि देहरा की भूमि का नक्शा भी देखा।  करीब 11 साल से अधिक समय से विवि प्रशासन इसके लिए प्रयासरत रहा। देहरा में विवि को 81 हेक्टेयर वन भूमि और 34 हेक्टेयर गैर वन भूमि मिली है।इसमें 34 हेक्टेयर गैर वन भूमि 2016-2017 को विवि को सौंप दी गई थी। 34 हेक्टेयर जमीन वन विभाग के तहत आ रही थी। इसे क्लीरेंस मिलने में समय लग रहा था। अब वन विभाग की फाइनल क्लीरेंस मिलते ही केंद्र और राज्य सरकार ने विवि प्रशासन को परिसर निर्माण के लिए जमीन के कागजात सौंप दिए हैं। विवि के कुलपति डॉ. रोशन लाल शर्मा ने कहा कि यह विवि के लिए ऐतिहासिक दिन है।

इसके लिए विवि के सभी कर्मचारी और अधिकारी बधाई के पात्र हैं। स्थानीय प्रशासन से लेकर राज्य और केंद्र सरकार का काफी सहयोग रहा। अब विवि प्रशासन जल्द परिसर निर्माण के लिए कदम उठाएगा। विवि के कुलसचिव हेमराज ने सांसद अनुराग ठाकुर और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया है। वन विभाग देहरा के अधिकारी डॉ. आरके डोगरा, एसडीएम धनबीर ठाकुर और देहरा के विधायक होशियार सिंह भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *