11 सितम्बर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में ड्राइंग टीचर के 118 पदों को पोस्ट कोड-26022 के तहत फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट (सीबीटी) का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर उपलब्ध है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि ड्राइंग टीचर के 118 पदों के लिए कुल 2349 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जबकि 1976 उम्मीदवारों ने सीबीटी परीक्षा दी। परीक्षा में उत्तीर्ण 294 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जा रहा है। दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से आयोग परिसर में शुरू होगी।
उन्होंने बताया कि डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के संबंध में उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर सूचना भेजी जाएगी। उम्मीदवारों को अलग से बुलावा पत्र जारी नहीं किए जाएंगे। सत्यापन के दौरान उम्मीदवारों को सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, उनकी स्व-अभिप्रमाणित फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई प्रति और पहचान पत्र साथ लाना होगा।
सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होने वाले उम्मीदवार को इसके लिए कोई अन्य अवसर नहीं दिया जाएगा।