27 नवम्बर: उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को जिला की दूरदराज ग्राम पंचायतों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों से बातचीत कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली।
उपायुक्त ने विकास खंड बमसन (टौणी देवी) की ग्राम पंचायत गवारडू में महिलाओं के लिए चलाए जा रहे टेलरिंग, कटिंग और बुटीक प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से संवाद किया और कार्यक्रम के संबंध में उनका फीडबैक भी लिया।
इसके बाद उपायुक्त ने विकास खंड बिझड़ी की ग्राम पंचायत ननावां में महिला स्वयं सहायता समूह के पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत समूह की महिलाएं विभिन्न प्रकार के औषधीय पौधे लगा रही हैं। इनमें ब्राह्मी, सहजन, कैमोलिन सहित अन्य किस्मों के पौधे शामिल हैं।
इस अवसर पर आयुष विभाग के चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार, अन्य अधिकारी, औषधीय पौधों की नर्सरी तैयार करने वाले गोविंद सिंह और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।