10 सितंबर: जवाहरलाल नेहरू राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय (जेएनजीईसी), सुंदरनगर में बुधवार को युवाओं के साथ विशेष खुला संवाद आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अवसाद, चिंता, बढ़ती आत्महत्या की घटनाओं, नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, पर्यावरण, स्वास्थ्य, रोजगार और भविष्य से जुड़े सवाल एवं विचार खुलकर साझा किए।
विद्यार्थियों ने जानने का प्रयास किया कि आज का युवा मानसिक तनाव, चिंता और नशे जैसी समस्याओं की ओर क्यों बढ़ रहा है और इन चुनौतियों से प्रभावी ढंग से कैसे निपटा जा सकता है। एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने विद्यार्थियों के सवालों का सहजता से जवाब देते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं से समस्याओं से भागने के बजाय संवाद स्थापित करने, समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. धर्मेश शर्मा ने स्वच्छ हवा और राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के तहत चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियानों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने धूम्रपान तथा पहले से प्रदूषित औद्योगिक क्षेत्र में रहने के संयुक्त प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। जेएनजीईसी प्रशासन ने एसडीएम अमर नेगी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को अपनी चिंताओं, सवालों और विचारों को खुलकर रखने के लिए ऐसे संवाद मंच उपलब्ध करवाना बेहद महत्वपूर्ण है।