11 जुलाई: जनगणना-2027 के प्रथम चरण (हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस) के तहत जिला शिमला में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए शनिवार को प्रधान जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त अनुपम कश्यप ने की।
बैठक में बताया गया कि हाउस लिस्टिंग का कार्य 11 जुलाई 2026 तक पूरा किया जाएगा, जबकि एकत्र किए गए आंकड़ों की जांच, परीक्षण और सत्यापन 15 जुलाई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उपायुक्त ने सभी चार्ज अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी त्रुटि को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि प्रथम चरण में जुटाए जा रहे आंकड़ों की गुणवत्ता, शुद्धता, गोपनीयता और डेटा सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सूचनाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप दर्ज हों और किसी भी प्रकार की विसंगति मिलने पर उसका तुरंत समाधान किया जाए।
बैठक में खुले में शौच, मानव द्वारा रात्रिकालीन मल निष्कासन, एलपीजी उपलब्ध होने के बावजूद लकड़ी, फसल अवशेष या मिट्टी के तेल के उपयोग, उपचारित या बोतलबंद पेयजल, परिसर में नदी या जलधारा की उपलब्धता, बिजली और टेलीफोन सुविधा का अभाव, मिट्टी के तेल से प्रकाश व्यवस्था तथा मोबाइल फोन के बिना इंटरनेट सुविधा जैसे संकेतकों का विशेष सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। इन सभी बिंदुओं की सही जांच की जिम्मेदारी संबंधित चार्ज अधिकारियों को सौंपी गई।
उपायुक्त ने सभी क्षेत्रों की शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने, नियमित फील्ड निरीक्षण करने और जहां भी असामान्य या त्रुटिपूर्ण आंकड़े मिलें, उन्हें तत्काल संशोधित करने के निर्देश दिए। साथ ही डेटा की गोपनीयता बनाए रखने, वर्ष 2011 की जनगणना से तुलना करते हुए स्कैन किए गए ले-आउट मानचित्र अपलोड करने तथा विशेष चार्ज की पहचान और सत्यापन पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जनगणना-2027 के दूसरे चरण (जनसंख्या गणना) की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। हिमपात प्रभावित क्षेत्रों के लिए अग्रिम योजना बनाने, नए एन्यूमरेशन ब्लॉक निर्धारित करने तथा आवश्यकता अनुसार संक्षिप्त गृह सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि दूसरे चरण का कार्य तय समय पर सुचारू रूप से पूरा किया जा सके। उपायुक्त ने अधिकारियों से जनगणना कार्य पूरी पारदर्शिता, जिम्मेदारी और उच्च गुणवत्ता के साथ संपन्न करने की अपेक्षा जताई।