14 जुलाई: राजधानी शिमला के जतोग स्थित एक विद्यालय में सोमवार को मरम्मत कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल की छत पर काम कर रहे 46 वर्षीय मजदूर की नीचे गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान प्रमोद कुमार (46) पुत्र ज्ञान चंद निवासी गांव पनेवला, डाकघर बायचड़ी, जिला शिमला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रमोद कुमार विद्यालय की छत पर मरम्मत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे संतुलन बिगड़ने पर वह सीधे नीचे पक्के फर्श पर गिर पड़े।
हादसे में उन्हें सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद श्रमिकों और स्कूल प्रबंधन ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।