किशनपुरा जेल में बवाल : कैदियों ने वार्डर और हेड कांस्टेबल पर किया हमला

18 मई: हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ स्थित किशनपुरा सब-जेल में कैदियों द्वारा जेल कर्मियों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मानपुरा थाना पुलिस ने पांच कैदियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, मंडी निवासी रोहित कुमार किशनपुरा सब-जेल में वार्डर के पद पर तैनात हैं। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान कैदियों सूर्यतेज, दीपक, सुनील, गुरचरण और गगन ने अचानक उन पर हमला कर दिया। इस हमले में रोहित कुमार के सिर और पीठ पर चोटें आई हैं।

शिकायत में कहा गया है कि जब हेड कांस्टेबल नंदलाल वार्डर को बचाने के लिए मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे वह भी घायल हो गए। इसके बाद जेल में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

आरोप है कि कैदियों ने ड्यूटी में बाधा डालने के साथ-साथ जेल कर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *