15 जुलाई: जिला कांगड़ा में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और सीआईए की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 46.91 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। दोनों मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक टैक्सी और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पहली कार्रवाई पुलिस चौकी योल के तहत ग्राम पंचायत जदरांगल स्थित इक्कू ब्रिज के पास की गई। सीआईए कांगड़ा की टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक टैक्सी को जांच के लिए रोका। तलाशी में टैक्सी से 13.90 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से गौरव शर्मा, अंकज कुमार और अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर टैक्सी को कब्जे में ले लिया।
दूसरी कार्रवाई शाहपुर थाना क्षेत्र के लदवाड़ा चौक स्थित शनिदेव मंदिर के समीप हुई। यहां नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 33.01 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय विनोद कुमार निवासी सुजानपुर (उत्तर प्रदेश) और 45 वर्षीय सुनीता उर्फ वीरी निवासी होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
एएसपी वीर बहादुर ने बताया कि दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिए गए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।