कनाडा में सिख छात्र पर हमला, पगड़ी उतार कर बालों को खींचा

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

टोरंटो। कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में सिख छात्र पर हमले का मामला सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 21 वर्षीय सिख छात्र पर कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर उसकी पगड़ी उतार दी और उसे बालों से खींचते हुए सडक़ के किनारे ले गए। पीडि़त की पहचान गगनदीप सिंह के तौर पर हुई है। सिंह पर शुक्रवार रात उस समय हमला किया गया, जब वह अपने घर लौट रहा था। काउंसलर मोहिनी सिंह ने बताया कि उन्हें हमले के तुरंत बाद ही इसकी जानकारी मिली और वह गगनदीप से मिलने पहुंची। उन्होंने कहा कि मैं उसे देखकर हैरान रह गई। वह अपना मुंह भी नहीं खोल पा रहा था। गगनदीवप की आंखें सूजी हुई थीं और वह काफी दर्द में था। काउंसलर मोहिनी ने बताया कि गगनदीप रात करीब साढ़े 10 बजे किराने की खरीददारी के बाद घर जा रहा था, तभी बस में उसका 12-15 युवकों से सामना हुआ।

उन्होंने कहा कि वे उसे परेशान करने लगे और उसकी ओर एक विग फेंक दी। छात्र ने उनसे कहा कि उसे परेशान न करे, नहीं तो वह पुलिस को फोन कर देगा। हालांकि वे रुके नहीं और उसे परेशान करते रहे। इसके बाद गगनदीप बस से उतर गया। मोहिनी सिंह ने बताया कि वे भी उसके पीछे-पीछे उतर गए और बस के जाने का इंतजार करने लगे। इसके बाद उन्होंने उस पर हमला कर दिया। उसके मुंह, पेट, हाथ और पैरों पर वार किया। उसकी पगड़ी उतार दी और उसे बालों से खींचकर सडक़ किनारे गंदी बर्फ पर फेंक दिया। हमला करने वाले लोग उसकी पगड़ी अपने साथ ले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *