कजाकिस्तान की कठिन अल्माटी हाफ मैराथन पूरी कर गोकुल बुटेल ने युवाओं को दिया स्वस्थ जीवनशैली और नशे से दूर रहने का संदेश

28 सितंबर: मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (डिजिटल प्रौद्योगिकी, नवाचार एवं शासन) गोकुल बुटेल ने कजाकिस्तान के प्रमुख शहर अल्माटी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हाफ मैराथन में 21.1 किलोमीटर की दौड़ सफलतापूर्वक पूरी की। यह मैराथन 27 सितंबर को आयोजित हुई।

अल्माटी के दक्षिण में स्थित ट्रांस-इली अलाताउ पर्वत श्रृंखला के कारण मैराथन का मार्ग चुनौतीपूर्ण रहा। दौड़ का मार्ग दक्षिण के ऊंचे और खड़े पर्वतीय क्षेत्रों से उत्तर की ओर स्थित समतल मैदानों तक जाता है।

मैराथन पूरी करने के बाद गोकुल बुटेल ने प्रदेशवासियों और विशेषकर युवाओं से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा नशीले पदार्थों और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल और शारीरिक गतिविधियां शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता भी बढ़ाती हैं।

उन्होंने कहा कि अल्माटी मैराथन केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि सकारात्मक बदलाव, समावेशिता और निरंतरता को बढ़ावा देने का माध्यम भी है। इसका उद्देश्य सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के साथ परोपकार के कार्यों में योगदान देना है।

उन्होंने बताया कि आयोजक ‘Courage to Be First’ कॉर्पोरेट फाउंडेशन मैराथन की प्रवेश फीस का एक बड़ा हिस्सा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए खेल सुविधाओं के निर्माण और अन्य चैरिटी परियोजनाओं में खर्च करता है।

गोकुल बुटेल ने युवाओं से ऐसे आयोजनों से प्रेरणा लेकर खेल-कूद से जुड़ने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *