ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित, 160 उम्मीदवार डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए चयनित

2 सितंबर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल शिक्षा विभाग में ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (जॉब ट्रेनी) के 236 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट (सीबीटी) का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा का परिणाम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि पोस्ट कोड-26008 के तहत 236 पदों के लिए कुल 202 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 184 उम्मीदवारों ने सीबीटी परीक्षा दी। परीक्षा में उत्तीर्ण 160 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया गया है।

डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 14 सितंबर को सुबह 10 बजे से आयोग के परिसर में शुरू होगा। इसका विस्तृत शेड्यूल आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा और उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर भी सूचना दी जाएगी। उम्मीदवारों को अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे।

डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान उम्मीदवारों को सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, सेल्फ अटेस्टेड फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई प्रति और आईडी प्रूफ साथ लाना होगा।

सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित न होने वाले उम्मीदवारों को बाद में कोई अन्य अवसर नहीं दिया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *