23 जून : भारतीय महिला 4×100 मीटर रिले टीम ने एशियन रिले चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने चीन को पीछे छोड़ते हुए 43.85 सेकंड का सीजन-बेस्ट समय निकाला और पहला स्थान हासिल किया।
भारतीय टीम में श्रावणी नंदा, एसएस स्नेहा, सुदेष्णा शिवंकर और तमन्ना शामिल थीं। चारों खिलाड़ियों ने रेस के दौरान बेहतरीन तालमेल, सटीक बैटन एक्सचेंज और दमदार फिनिशिंग का प्रदर्शन किया। चीन की टीम 44.09 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रही और उसे सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
रिलायंस फाउंडेशन के कोच मार्टिन ओवेन्स के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने अपनी रणनीति को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस चैंपियनशिप में भारत ने कुल तीन पदक जीते, जिनमें एक गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज शामिल है।
तमन्ना और स्नेहा शानुवल्ली का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। दोनों खिलाड़ियों ने दो-दो पदक जीतकर अपना अभियान समाप्त किया। महिला 4×100 मीटर रिले में गोल्ड जीतने से पहले दोनों ने मिक्स्ड 4×100 मीटर रिले स्पर्धा में भारत को ब्रॉन्ज मेडल भी दिलाया था। वहीं, भारत को तीसरा पदक मिक्स्ड 4×400 मीटर रिले इवेंट में मिला।