ऊना में 16 सितंबर को गूंजेगी नशे के खिलाफ युवाओं की आवाज, एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन में शामिल होंगे मुख्यमंत्री

12 सितंबर:ऊना में 16 सितंबर को प्रस्तावित एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस महानिरीक्षक विमल गुप्ता ने शुक्रवार को डीआरडीए सम्मेलन कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त जतिन लाल, बनगढ़ पुलिस बटालियन की कमांडेंट डॉ. आकृति शर्मा सहित पुलिस, जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस महानिरीक्षक ने सुरक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, प्रतिभागियों की सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों, आईटीआई और कॉलेज विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिट्टा और अन्य नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश युवाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। इसके साथ ही आम लोगों की व्यापक भागीदारी पर भी जोर दिया गया।

वॉकाथॉन सुबह 8 बजे इंदिरा गांधी खेल मैदान से शुरू होगी। कार्यक्रम की शुरुआत देशभर में प्रसिद्ध पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ पाइन्स’ की प्रस्तुति से होगी। इसके बाद प्रतिभागी इंदिरा गांधी खेल मैदान से आईएसबीटी ऊना तक जाएंगे और वहां से वापस खेल मैदान में पहुंचकर वॉकाथॉन का समापन होगा। प्रतिभागियों से सुबह 8 बजे तक आयोजन स्थल पर पहुंचने का आग्रह किया गया है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू वॉकाथॉन में शामिल होकर युवाओं से संवाद करेंगे और उनके साथ वॉकाथॉन में चलेंगे। इस दौरान वह नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देने के साथ प्रतिभागियों को नशे के विरुद्ध और पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाएंगे।

प्रतिभागियों की सुविधा के लिए आयोजन स्थल और वॉकाथॉन मार्ग पर छह पेयजल स्थल बनाए जाएंगे। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तीन स्थानों पर एंबुलेंस तैनात रहेंगी। प्रतिभागियों को आने और वापसी के दौरान रिफ्रेशमेंट भी उपलब्ध करवाया जाएगा। क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण करने वाले प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रतिभागियों को एंटी-चिट्टा थीम वाली टी-शर्ट और कैप भी प्रदान की जाएंगी।

पुलिस महानिरीक्षक ने शैक्षणिक संस्थानों से विद्यार्थियों को अपने संस्थान के बैनर के साथ वॉकाथॉन में शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसे तख्ते या लकड़ी के बैनर न लाए जाएं, जिनसे किसी प्रतिभागी को चोट लगने की आशंका हो। विभिन्न स्थानों से आने वाली बसों पर भी एंटी-चिट्टा जागरूकता संबंधी बैनर लगाए जाएंगे।

उपायुक्त जतिन लाल ने विद्यार्थियों के आवागमन के लिए की जा रही परिवहन व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित एसडीएम और नोडल अधिकारियों को विद्यार्थियों को समय पर आयोजन स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग के अधिकारियों और संबंधित उपनिदेशकों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों, आईटीआई और कॉलेज विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से वॉकाथॉन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध इस जनजागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस, शैक्षणिक संस्थानों, युवाओं और आमजन की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *