11 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के दुलैहर गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने अपनी बहन पर आरी से हमला कर उसे घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। घायल युवती को उपचार के लिए दुलैहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां से पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे उसका भाई किसी बात को लेकर अपनी मां के साथ गाली-गलौज करने लगा। जब उसने भाई को मां के साथ अभद्र व्यवहार न करने के लिए समझाया तो वह भड़क गया। आरोप है कि गुस्से में उसने आंगन में पड़ी आरी उठाकर बहन पर हमला कर दिया, जिससे उसके कान के पास गंभीर चोट लगी। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की।
युवती की चीख-पुकार सुनकर उसकी दादी और चाचा बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी हाथापाई कर दी, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवती का मेडिकल करवाया। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद एक्स-रे और सिर का एनसीटी स्कैन कराने की सलाह दी। मेडिकल पूरा होने के बाद पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर तहलीवाल थाना में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 126(2), 115(2) और 352 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।