ऊना में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, घर से चरस-अफीम, लाखों की नकदी और विदेशी मुद्रा बरामद

25 मई: ऊना जिले के बंगाणा क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से मादक पदार्थ, नकदी, विदेशी मुद्रा और अवैध शराब बरामद की है। मामले में एक युवक को हिरासत में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धुंदला क्षेत्र में एक रिहायशी मकान में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के आधार पर एएसआई बलवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घर पर दबिश देकर तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने 48.52 ग्राम अफीम, 17.78 ग्राम चरस, 4 लाख 69 हजार 120 रुपये नकद और 2 अमेरिकी डॉलर बरामद किए। इसके अलावा विभिन्न ब्रांड की शराब भी बरामद हुई, जिसमें देसी और अंग्रेजी शराब की कई बोतलें शामिल हैं।

पुलिस ने मौके से 27 वर्षीय मनीश कुमार उर्फ मनी को हिरासत में लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब मामले में नशे के नेटवर्क और बरामद विदेशी मुद्रा के संबंधों की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *