16 अक्तूबर: इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों के निर्माण और सुधार कार्य करवाए जाएंगे। विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि खाड़ी युद्ध के चलते कोलतार के दामों में अचानक हुई बढ़ोतरी से प्रभावित हुए सड़क निर्माण कार्यों को अब गति मिलेगी। इससे क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
विधायक मलेंद्र राजन ने बुधवार को वन विश्राम गृह इंदौरा में ग्राम पंचायत भपू और डाहकुलाड़ा के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और पंचायतों में सड़क निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों की जरूरतों पर चर्चा की। पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास संबंधी मांगों से विधायक को अवगत करवाया।
मलेंद्र राजन ने कहा कि बेहतर सड़क सुविधा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सड़कों की स्थिति में सुधार होने से लोगों को आवागमन के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने में भी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है और पंचायत प्रतिनिधियों के सुझावों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं और जरूरतों से सीधे जुड़े होते हैं। उनके साथ नियमित संवाद से विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने और जरूरी कार्यों को प्राथमिकता देने में मदद मिलती है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे क्षेत्र की विकास संबंधी जरूरतों और जनसमस्याओं को निरंतर उनके समक्ष रखें, ताकि उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
बैठक में ग्राम पंचायत भपू के प्रधान प्रताप सिंह, उपप्रधान धर्मेंद्र, संदन शर्मा, प्रेम कुमार तथा ग्राम पंचायत डाहकुलाड़ा की प्रधान सोनिया, उपप्रधान देवेंद्र, जोगिंदर, सुभाष कालरा, चंद्रमोहन और युद्धवीर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।