24 सितंबर: इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली और पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन ने ताजवां से धरवाल वाया धुमलाहड़ सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। गांव धरवाल तक बनने वाली इस सड़क पर करीब 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खु के नेतृत्व में इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य इंदौरा को मॉडल विधानसभा क्षेत्र बनाना है। इस सड़क के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और गांवों की मुख्य सड़क से बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से अन्य सड़क कार्य भी शुरू हो चुके हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
मलेंद्र राजन ने कहा कि क्षेत्र में जल्द ही इलेक्ट्रिक बस सेवा भी शुरू की जाएगी, जिससे लोगों को पर्यावरण अनुकूल आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। इसके अलावा सड़क, पेयजल, सिंचाई और बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी लगातार कार्य किया जा रहा है। संबंधित पंचायत में जल्द ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में 80 नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही 13 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत सब स्टेशन मोकी का निर्माण कार्य भी जारी है। उन्होंने अधिकारियों को बिजली से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की आधारशिला हैं। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को शहरों के समान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों और विकास का लाभ प्रत्येक परिवार तक पहुंचे।
मलेंद्र राजन ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं को खेल, शिक्षा, स्वरोजगार और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। पंचायत प्रतिनिधियों, अभिभावकों, शिक्षकों और युवाओं को नशे की गतिविधियों पर नजर रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों की सूचना संबंधित विभागों को देनी चाहिए।
कार्यक्रम में चलोह पंचायत के प्रधान सुरेंद्र सिंह, उपप्रधान करण सिंह, जरम सिंह ठाकुर, कुलबीर चंब्याल, मनोहर सिंह, किशन दत्त, बशीर, शेरू, मनोज कुमार, नरेंद्र शर्मा, संतोष शास्त्री, आंचल, दलजीत, हजूरा मास्टर, सुनील कुमार, विजय कुमार सहित अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे। इसके अलावा विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता संदीप सनिहाल, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ राजीव बांद्राल, जल शक्ति विभाग के एसडीओ राजेंद्र सनोरिया, मोहन शर्मा, प्रधानाचार्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।