अपनी जान दांव पर लगा कर पिता ने बेटी को तेंदुए से बचाया

Spread the love
आवाज़ ए हिमाचल 

23 नवंबर। सोलन जिले में घर के पास से तेंदुआ एक लड़की को उठा ले गया है। पिता ने तेंदुए को देख लिया व अपनी जान की परवाह न करते हुए खूंखार जानवर से अकेला ही भिड़ गया। घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर पीछा करते हुए व्यक्ति ने तेंदुए को रोक लिया व डंडे और पत्थरों से उस पर हमला कर दिया। सूत्रों के अनुसार कसौली क्षेत्र के तहत जांवली पंचायत में यह मामला पेश आया है। सूजी गांव में 25 वर्ष की युवती को तेंदुआ घर के पास से उठाकर ले गया।

बताया जा रहा है कि सोमवार शाम करीब सात बजे पूजा अपने घर बाहर बने शौचालय के लिए निकली थी। इस दौरान घर के आंगन में तेंदुआ पहले से ही हमले की फिराक में बैठा था। मौका पाते ही खूंखार जानवर लड़की को आंगन से उठाकर ले गया। शोर मचाने पर लड़की के पिता खेम राज बाहर निकले और तेंदुए का पीछा करने लगे। खेमराज ने पत्थर व डंडों से तेंदुए पर हमला किया। अपनी जान दांव पर लगाकर पिता ने बड़ी मुश्किल से बेटी को बचा लिया।

आश्चर्य की बात यह है कि इस घटना के करीब आधे घंटे बाद तेंदुआ फिर उसी जगह वापस आ गया। इस दौरान ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से तेंदुए को पत्थर व डंडों से भगाया। इसके बाद अब पूरा क्षेत्र दहशत में है। जाबली पंचायत की प्रधान कल्पना ने बताया इस घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। वन विभाग के अधिकारियों द्वारा तेंदुए को पकडऩे का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *