अनुराग ठाकुर ने कहा, धर्मशाला सुंदर शहर, सुविधाएं बढ़ाने के लिए ट्रिप्‍पल इंजन की जरूरत

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल

05 अप्रैल। केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर ने धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि देश में डबल इंजन की सरकार है। अब नगर निगम भाजपा का बनाकर इसे तीन इंजन का किया जाता है तो अथाह विकास होगा। केंद्र से न तो धन की कमी पहले आई है और न ही आने देंगे। धर्मशाला सुंदर शहर है, यहां पर सुविधाओं को बढ़ाना चाहिए। यह सुविधाएं तभी बढ़ेंगी अगर नगर निगम भाजपा का होगा। कांग्रेस सिर्फ झूठ का पुलिंदा है। कांग्रेस बोलती कुछ है और करती कुछ है। धर्मशाला नगर निगम कांग्रेस का था। यहां पर जब भी विश्व स्तर का मैच करवाने का प्रयास किया गया कई तरह समस्याओं का सामना करना पड़ा। पार्किंग एक बड़ी चुनौती है। विश्व स्तर के आयोजनों के दौरान यहां आने वाले सैलानियों से पर्यटन को बूस्ट मिलता है। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि यहां पर सुविधाएं भी स्तरीय हों।

इसलिए नगर निगम भाजपा का बनना जरूरी है। 10500 करोड़ रुपये व 44500 करोड़ मोदी की सरकार में ग्रांट आई। केंद्रीय करों में हिमाचल का हिस्सा है वह कांग्रेस काल 2009 से 2014 में 9 हजार 350 करोड़ आया है तो मोदी काल में 20830 करोड़ रुपये आया। मोदी सरकार ने हिमाचल को दोगुना ही दिया है। लेकिन स्थानीय निकाय में पैसा खर्चने में इच्छा शक्ति नहीं थी। इसलिए सुविधाओं का अभाव है।

इस साल फिर से विश्व कप मैच का आयोजन यहां करवाना चाहते हैं। धर्मशाला में सुविधाएं बेहतर हों, ताकि यहां आने वाले लोगों को सुविधा मिले व लोगों का व्यवसाय चमके। धर्मशाला को फिर से दुनिया के सामने दिखाने का मौका आया है। ऐसे में इससे पहले जो काम चल रहे हैं, वह जल्द पूरा करने होंगे और इसके लिए धर्मशाला में नगर निगम भाजपा की बनानी होगी। विश्व कप से पहले काफी तेजी से यहां पर काम करना होगा, ताकि बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *