12 मार्च: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौत हो गई। हादसा पुलबाहल-नाउणी मुख्य सड़क पर जामू नाला के पास हुआ, जहां एक आल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त पाई गई। मृतक की पहचान रोशन लाल निवासी गांव रूइंजा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रोशन लाल देर रात अपनी कार से घर लौट रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया। हादसे का पता उस समय चला जब शादी समारोह से लौट रहे कुछ लोग वहां से गुजरे और सड़क किनारे क्षतिग्रस्त कार देखी।
उन्होंने आसपास तलाश की तो चालक रोशन लाल का शव सड़क से ऊपर पहाड़ी पर मिला। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही चौपाल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।