राज्य स्तरीय कारगिल विजय दिवस समारोह के लिए टिहरा तैयार, उपायुक्त ने लिया तैयारियों का जायजा

24 जुलाई: धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के टिहरा में 26 जुलाई को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कारगिल विजय दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा शुक्रवार को उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बैठक के दौरान की। समारोह की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल (डॉ.) धनीराम शांडिल करेंगे।

उपायुक्त ने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के सम्मान में मनाया जाता है। इस वर्ष राज्य स्तरीय समारोह मंडी जिले में आयोजित किया जा रहा है, जिसके सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने उपमंडलाधिकारी (ना.) धर्मपुर को समारोह स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने को कहा। लोक निर्माण विभाग को मंच, पंडाल, पार्किंग तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने वीर नारियों, शहीदों के परिजनों और पूर्व सैनिकों के सम्मानजनक स्वागत, ठहरने और परिवहन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जिला सैनिक कल्याण विभाग को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया।

इसके अलावा स्थानीय निकायों और पंचायतों को कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, कूड़ा निष्पादन, शौचालय, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। जल शक्ति विभाग को पेयजल, विद्युत बोर्ड को निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य विभाग को आपात चिकित्सा सेवाएं तथा अग्निशमन विभाग को सुरक्षा संबंधी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

समारोह में देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके लिए स्थानीय प्रशासन, पूर्व सैनिक लीग और जिला भाषा एवं संस्कृति विभाग को समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने को कहा गया है। वहीं पुलिस विभाग को सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कार्यवाहक अतिरिक्त उपायुक्त चंद्र प्रकाश, आदेशक गृह रक्षक वाहिनी पुनीत रघु, सहायक आयुक्त के.एस. पटयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि उपमंडलाधिकारी (ना.) धर्मपुर जोगिंदर पटियाल और अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *