22 जुलाई: चम्बा में आयोजित होने वाले हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश के राज्यपाल कविन्दर गुप्ता 26 जुलाई को ऐतिहासिक चौगान में मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इस संबंध में उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने राज्यपाल के तीन दिवसीय दौरे का कार्यक्रम जारी किया है।
राज्यपाल 25 जुलाई की शाम डल्हौजी पहुंचेंगे और परिधि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे। 26 जुलाई को सुबह 10 बजे वे श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में भगवान को मिंजर अर्पित करेंगे। इसके बाद सुबह 10:30 बजे ऐतिहासिक चौगान में अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
इसी दिन रात 8:35 बजे राज्यपाल मेले के तहत आयोजित सांस्कृतिक संध्या का भी उद्घाटन करेंगे। उनका रात्रि विश्राम चम्बा स्थित परिधि गृह में रहेगा। 27 जुलाई को सुबह 9 बजे राज्यपाल चम्बा से पठानकोट के लिए रवाना होंगे।