संवेदनशील क्षेत्रों में मशीनरी तैनात कर रखें, सेब क्षेत्रों की सड़कें प्राथमिकता से बहाल करें: एसडीएम अलीशा चौहान

21 जुलाई: मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए करसोग उपमंडल में उपमंडलाधिकारी (ना.) अलीशा चौहान की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एसडीएम अलीशा चौहान ने कहा कि पिछले वर्ष के अनुभवों से सीख लेते हुए इस बार पहले से बेहतर तैयारियां सुनिश्चित की जाएं, ताकि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जान-माल के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सभी संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में आवश्यक मशीनरी पहले से तैनात रखने के निर्देश दिए, जिससे सड़क बंद होने पर तत्काल बहाली कार्य शुरू किया जा सके।

उन्होंने विशेष रूप से सेब उत्पादक क्षेत्रों की सड़कों की नियमित निगरानी करने और यातायात सुचारु बनाए रखने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि बागवानों को अपनी फसल के परिवहन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में गत वर्ष सरकोल नाला में हुई बादल फटने की घटना का उल्लेख करते हुए एसडीएम ने निर्देश दिए कि बरसात के दौरान कुट्टी और पुराने बाजार क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग नहीं की जाएगी। साथ ही जोखिम वाले क्षेत्रों में आवश्यकता पड़ने पर लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों के ठहरने के लिए चिन्हित स्थानों पर भोजन, पेयजल, बिजली, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा एसडीएम कार्यालय परिसर में जल्द ही एक हूटर स्थापित किया जाएगा, जिसका उपयोग आपदा या संभावित खतरे की स्थिति में लोगों को समय रहते सतर्क करने के लिए किया जाएगा।

एसडीएम ने सभी विभागाध्यक्षों को मानसून सीजन के लिए एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए, ताकि आपदा संबंधी सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान और बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि बरसात के मौसम में प्राकृतिक जल स्रोतों का पानी उबालकर ही पीएं और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।

बैठक में डीएसपी चांद किशोर, तहसीलदार पृथी चंद, नायब तहसीलदार राहुल शर्मा, बीएमओ डॉ. गोपाल चौहान तथा लोक निर्माण, जल शक्ति और विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *