21 जुलाई: विधायक मलेंद्र राजन ने मंगलवार को ग्राम पंचायत मंड में अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में चल रहे तथा प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग देने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
विधायक ने बताया कि मंड-मियानी क्षेत्र में बाढ़ से बचाव के लिए हाल ही में लाखों रुपये की लागत से धूसी लगाने का कार्य किया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार ब्यास नदी के तटीकरण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। इसके अलावा क्षेत्र के अन्य प्रमुख विकास कार्यों की डीपीआर भी संबंधित विभागों द्वारा तैयार की जा रही है, ताकि उन्हें शीघ्र मंजूरी मिल सके।
उन्होंने कहा कि मंड-मियानी स्कूल में नए कमरों, चारदीवारी और खेल मैदान के निर्माण के लिए शिक्षा मंत्री के समक्ष मांग रखी गई है। क्षेत्र में ओपन जिम का निर्माण कार्य भी जारी है। विधायक ने कहा कि मंड-मियानी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आवश्यकतानुसार पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
बैठक के दौरान विधायक ने नशे के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति दोहराते हुए कहा कि चिट्टा जैसे नशे को जड़ से समाप्त करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी ऐसे तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और आम लोगों से नशे के खिलाफ सक्रिय सहयोग की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि पंचायतें उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराती हैं तो करीब 1.14 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सामुदायिक पंचायत भवनों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ मिल सके।