किन्नौर में बादल फटने से पुल बहा, छितकुल-दुमती मार्ग पर आवाजाही ठप

20 जुलाई:अंतरराष्ट्रीय सीमावर्ती जनजातीय जिला किन्नौर में रविवार को तुम्बर खड्ड में अचानक आई बाढ़ के कारण छितकुल और दुमती को जोड़ने वाला पुल बह गया। पुल बहने से सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, बाढ़ के तेज बहाव में पुल का मलबा बास्पा नदी में बह गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय पुल पर कोई व्यक्ति या वाहन मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।

पुल बहने से सीमा पर तैनात भारतीय सेना और अर्धसैनिक बलों का सड़क संपर्क अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ है। इसके अलावा सीमावर्ती क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और अन्य जरूरी गतिविधियों पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

तहसीलदार सांगला ने बताया कि घटना में किसी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

वहीं, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम ने मौके का निरीक्षण कर क्षति का आकलन शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार सड़क और पुल की बहाली का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा, ताकि सीमावर्ती क्षेत्र का संपर्क शीघ्र बहाल किया जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *