18 जुलाई: साफ मौसम के बावजूद शुक्रवार को मलाणा सड़क पर मलाणा प्रोजेक्ट की ट्रैफिक टनल के समीप अचानक पहाड़ी दरकने से भारी भूस्खलन हो गया। बड़ी-बड़ी चट्टानें और भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरने से मलाणा को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। करीब साढ़े छह घंटे तक यातायात ठप रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और ग्रामीणों, परियोजना कर्मचारियों व यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
भूस्खलन के कारण सड़क किनारे से गुजर रही बिजली लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई। सूचना मिलते ही बिजली बोर्ड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत शुरू कर दी। जोखिम के बीच काम करते हुए कर्मचारियों ने बिजली व्यवस्था बहाल करने के प्रयास किए।
उधर, सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही मलाणा पावर प्रोजेक्ट प्रबंधन ने जेसीबी और अन्य भारी मशीनों को मौके पर भेजा। कई घंटों तक चले राहत कार्य के बाद सड़क से मलबा और चट्टानें हटाई गईं तथा मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। इसके बाद फंसे हुए वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो सकी।
मार्ग बंद रहने से मलाणा के लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही। जरूरी कार्यों से आने-जाने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जबकि कई वाहन चालक और यात्री लंबे समय तक सड़क के दोनों ओर फंसे रहे। स्थानीय लोगों ने साफ मौसम में हुए इस भूस्खलन को चिंता का विषय बताते हुए कहा कि मलाणा रोड के कई हिस्से भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क के संवेदनशील हिस्सों का तकनीकी और भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराया जाए तथा स्थायी सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। प्रशासन ने भी लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान पूरी सावधानी बरतने की अपील की।