17 जुलाई: शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने झुलाड स्थित एचपी शिवा क्लस्टर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान आयोजित बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए कि एचपी शिवा क्लस्टर क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाए, ताकि बागवानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि बागवानी विभाग अपने अधिकांश कार्य पूरे कर चुका है और वर्तमान समय पौधरोपण के लिए सबसे उपयुक्त है। यदि समय पर सिंचाई की व्यवस्था नहीं हुई तो पौधरोपण प्रभावित होगा, जिससे बागवानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
बैठक के बाद केवल सिंह पठानिया ने झुलाड स्थित प्लांट हेल्थ क्लिनिक का निरीक्षण भी किया। उन्होंने क्लिनिक के शेष कार्य अगले 15 दिनों के भीतर पूरे करने के निर्देश दिए, ताकि यह सुविधा जल्द बागवानों को उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार की सभी विकास एवं जनकल्याणकारी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाएं।
बैठक में एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, मुख्य अभियंता जल शक्ति दीपक गर्ग, अधीक्षण अभियंता विशाल जम्वाल, उपनिदेशक बागवानी अलक्ष पठानिया, अधिशासी अभियंता अमित डोगरा, प्रधान मंजू देवी, करतार सिंह, रमन कायस्था, दुष्यंत कायस्था, कुलदीप सिंह, विनोद चम्बयाल सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।