देहरा में एएसपी और डीएसपी के लिए बनेंगे आधुनिक आवास, विधायक कमलेश ठाकुर ने किया शिलान्यास

17 जुलाई: देहरा विधानसभा क्षेत्र में प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए विधायक कमलेश ठाकुर ने गुरुवार को सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) और पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के लिए बनने वाले आवासीय भवनों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

लोक निर्माण विभाग द्वारा 1.12 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति के तहत इस परियोजना में दो आधुनिक टाइप-4 आवासीय क्वार्टर बनाए जाएंगे। इनका निर्माण लगभग 89.64 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। परियोजना का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।

इस अवसर पर विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार देहरा को एक सशक्त प्रशासनिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नए सरकारी कार्यालयों की स्थापना के साथ-साथ अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि अधिकारी चाहते हैं कि उनका परिवार उनके कार्यस्थल के निकट रहे। इसी उद्देश्य से सरकार कार्यालयों के साथ-साथ आवासीय अधोसंरचना का भी विस्तार कर रही है। एएसपी और डीएसपी के लिए बनने वाले आधुनिक आवास अधिकारियों को बेहतर कार्य वातावरण प्रदान करेंगे, जिससे वे अधिक दक्षता और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दे सकेंगे।

विधायक ने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र में विभिन्न विभागों के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचे का विस्तार प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक देहरा संदीप धवल, एसडीएम कुलवंत सिंह पोटन, तहसीलदार कर्मचंद कालिया, सहायक पुलिस अधीक्षक नवदीप सिंह, डीएसपी राजकुमार, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता एच.एल. शर्मा, अधिशाषी अभियंता बलवीर ठाकुर, विद्युत विभाग के वालेश शर्मा सहित पुलिस, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, कांग्रेस कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *