निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण करने पहुंचे केवल सिंह पठानिया, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के दिए निर्देश

13 जुलाई: शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता विकास सूद के साथ सुधेड़ क्षेत्र में करीब 48.50 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन अखनखोला, धार खास और कसुम्बर सड़कों का निरीक्षण किया।

उन्होंने गत वर्ष बारिश से क्षतिग्रस्त हुई इन सड़कों पर चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न करने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं लोगों तक बेहतर ढंग से पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

निरीक्षण के बाद केवल सिंह पठानिया नगर पंचायत शाहपुर के वार्ड-6 स्थित माधवनगर पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया। उन्होंने घोषणा की कि क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर हैंडपंप लगाया जाएगा। साथ ही कॉलोनी को सीवरेज से जोड़ने, सड़क पर टाइलें बिछाने और सोलर लाइटें लगाने का भी आश्वासन दिया।

माधवनगर कमेटी के महासचिव रोशन लाल और प्रधान पवन कुमार ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से विधायक को अवगत कराया तथा मुख्य सड़क से माधवनगर को जोड़ने वाली सड़क की टायरिंग करवाने पर उनका आभार जताया।

इस दौरान प्रधान अजीत नेहरिया, भरत जरयाल, सुनील कुमार, सतीश कुमार, सुनीता देवी, शंकर गुरंग, लाजवंती देवी, पंकज कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *