5 सितंबर: शिक्षक दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब धर्मशाला ने नई पहल करते हुए क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें सम्मानित किया। क्लब की ओर से दयानंद मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल डिपो बाजार, राजकीय प्राथमिक पाठशाला महंत, धौलाधार पब्लिक स्कूल श्यामनगर और राजकीय उच्च पाठशाला कण्ड में कार्यरत समस्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष एडवोकेट रोटेरियन प्रेम प्रसाद ने की। उन्होंने क्लब की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। क्लब का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए शिक्षकों को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब धर्मशाला की ओर से 8 सितंबर 2026 को विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के शिक्षकों को राष्ट्र निर्माता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक डॉ. एन.एन. शर्मा ने रोटरी के साक्षरता कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय शिक्षा प्रणाली विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने स्कूलों को हैप्पी स्कूल के रूप में विकसित करने के लिए भी प्रेरित किया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब के सचिव रोटेरियन सुभाष शर्मा, रोटेरियन तेज सिंह, रोटेरियन हरि सिंह, रोटेरियन विजय शर्मा, रोटेरियन अरुणा पराशर, रोटेरियन संग्राम गुलेरिया सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।