13 जुलाई: ऊना जिले के उपमंडल गगरेट के जोह बह क्षेत्र में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहिंदर सिंह उर्फ कोको, उसके बेटे जिम्मी और उनके साथी प्रदीप के रूप में हुई है। रविवार को तीनों को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे अवैध शराब के कारोबार को लेकर चल रही रंजिश थी। आरोप है कि मोहिंदर सिंह अवैध शराब का कारोबार करता है। कुछ दिन पहले पंजाब से आए एक शराब कारोबारी के बाउंसरों ने उसे कथित तौर पर कारोबार बंद करने की धमकी दी थी, जिसके बाद से वह रंजिश रखे हुए था।
शनिवार को शराब कारोबारी के करिंदे परमिंदर और धर्मेंद्र कार से जोह से डंगोह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मोहिंदर अपने बेटे और साथी के साथ पहले से गाड़ी लगाकर खड़ा था। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोप है कि मोहिंदर ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी। गोली देहरा (फतेहपुर) निवासी धर्मेंद्र सिंह की टांग में लगी।
घायल धर्मेंद्र का इलाज डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज, टांडा में चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर लिए हैं। रविवार को धर्मशाला से पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए।
मामले में पंजाब से बाउंसर बुलाकर कानून-व्यवस्था को चुनौती दिए जाने के खुलासे पर ऊना के एसपी सचिन हिरेमठ ने कड़ा संज्ञान लिया है। जानकारी छिपाने और लापरवाही बरतने पर स्थानीय एसएचओ और चौकी प्रभारी को फटकार लगाई गई है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 126(2) तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गहन पूछताछ की जा रही है।