सोलन में पति ने भाई और दोस्त संग रची पत्नी की हत्या की साजिश, गला रेतकर खाई में फेंका; तीनों गिरफ्तार

11 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपने सगे भाई और दोस्त के साथ मिलकर अपनी पत्नी की हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने महिला को घूमने के बहाने उत्तर प्रदेश से सोलन बुलाया और सुनसान इलाके में उसका गला रेतकर करीब 80 से 100 मीटर गहरी खाई में धक्का दे दिया। हालांकि महिला की जान बच गई और एक सतर्क राहगीर की सूचना पर पुलिस ने महज आधे घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राज कुमार चंदेल ने बताया कि घटना 10 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे की है। देहुंघाट से अपने घर लौट रहे एक व्यक्ति ने पंच परमेश्वर मंदिर के पास सड़क किनारे तीन युवकों को एक महिला के साथ देखा। पहले उसे मामला सामान्य लगा, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद उसे संदेह हुआ। जब वह वापस लौटा तो देखा कि तीनों युवक महिला को गहरी खाई में धक्का देकर नगाली की ओर भाग रहे थे। सड़क किनारे खून के निशान देखकर उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस चौकी सपरून और थाना सदर सोलन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। गंभीर रूप से घायल महिला झाड़ियों का सहारा लेकर नीचे बाईपास सड़क तक पहुंच गई थी। उसे तुरंत सिविल अस्पताल सोलन ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद आरोपी उत्तर प्रदेश भागने की कोशिश में थे, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें नगाली के पास से धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलीप कुमार (28), उसके सगे भाई शिवम (20) निवासी जिला बहराइच (उत्तर प्रदेश) तथा दोस्त मदन कुमार (28) निवासी जिला गोंडा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दलीप कुमार का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी के चलते उसने अपने भाई और दोस्त के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत महिला को उत्तर प्रदेश से सोलन घुमाने के बहाने लाया गया, जहां पहले उसके गले पर चाकू से वार किया गया और फिर उसे गहरी खाई में धक्का दे दिया गया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर सोलन में बीएनएस की धारा 109 और 3(5) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जाएगी। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *