एचआरटीसी बस से बैटरियां चोरी करने वाला 24 घंटे में गिरफ्तार, स्कूटी भी जब्त

11 जुलाई: सोलन जिले के कसौली क्षेत्र में एचआरटीसी बस से दो बैटरियां चोरी करने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद कर जब्त कर ली है। आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, एचआरटीसी नालागढ़ में कार्यरत चालक प्रदीप सिंह ने थाना कसौली में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह 8 जुलाई को बस लेकर नालागढ़ से गुनाई पहुंचे और बस को गुनाई बस स्टैंड पर खड़ा कर दिया। 9 जुलाई की सुबह जब वह बस के पास पहुंचे तो बस की दोनों बैटरियां गायब थीं। चोरी हुई बैटरियों की कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच के आधार पर पुलिस ने संतोष कुमार (35) निवासी जिला नालंदा (बिहार), हाल निवासी भैरों की सेर, टीपरा, तहसील कालका, जिला पंचकूला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद कर ली।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी परवाणू की एक निजी कंपनी में कार्यरत है और उसकी ड्यूटी अक्सर रात के समय रहती थी। इसी का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी के खिलाफ थाना परवाणू में पहले से चोरी के दो मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड का भी संबंधित राज्यों की पुलिस से सत्यापन कराया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक सोलन तिरुमला राजू एसडी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल रहा है या नहीं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *