11 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में शुक्रवार को आत्महत्या के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। नेरवा और कुमारसैन थाना क्षेत्रों में दो महिलाओं ने कथित तौर पर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस दोनों स्थानों पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 194 के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला नेरवा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मधाना का है। यहां 34 वर्षीय गीता देवी, पत्नी सुरेश कुमार, का शव उनके सेब के बगीचे में एक बुरांश के पेड़ से लटका मिला। पंचायत प्रधान की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में मामला निजी कारणों से आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार मृतका की गर्दन पर फंदे का निशान मिला है, जबकि शरीर पर किसी अन्य प्रकार की बाहरी चोट नहीं पाई गई। घटनास्थल और घर की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट या अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई।
दूसरी घटना कुमारसैन थाना क्षेत्र के किंगल इलाके में हुई। शुक्रवार सुबह एक महिला द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार मृतका नेपाली मूल की है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस महिला की शिनाख्त करने के साथ-साथ आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच में जुटी हुई है।