10 जून , कविता शांति गौतम : अवैध नशा तस्करी के खिलाफ बद्दी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एक दिन पहले 39.90 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने अब 11.660 किलोग्राम चूरा पोस्त (भुक्की) के साथ एक और आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल की है।
पुलिस थाना बद्दी की टीम ने थाना प्रभारी डॉ. शिव प्रकाश कनिहाल के नेतृत्व में न्यू बस स्टैंड के पीछे स्थित ट्रक यूनियन पार्किंग क्षेत्र में एक महिंद्रा जीतो वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 11.660 किलोग्राम चूरा पोस्त (भुक्की) बरामद हुई।
इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी गुरचरण सिंह पुत्र राम प्यारा, निवासी गांव टीनपट्टा साई, को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
डीएसपी योगराज चंदेल ने बताया कि बद्दी पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।