8 जुलाई: स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ इंदौरा के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से मंगलवार को इंदौरा उपमंडल की सभी 58 ग्राम पंचायतों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत पंचायत परिसरों, सार्वजनिक स्थलों, संपर्क मार्गों और अन्य सामुदायिक स्थानों की विशेष सफाई की गई। इस दौरान स्वच्छता रैलियां निकालकर लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के प्रति जागरूक किया गया।
इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने ग्राम पंचायत इंदौरा में आयोजित मुख्य स्वच्छता रैली का नेतृत्व किया। यह रैली पीएनबी बैंक इंदौरा से तारा खड्ड पुल तक निकाली गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, मोहल्ले और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संकल्प ले, तो स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण सहज रूप से संभव है। उन्होंने लोगों से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने और नियमित रूप से स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेने की अपील की। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने का आग्रह किया। 
अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) इल्मा अफरोज, एसडीएम डॉ. सुरिंदर ठाकुर, खंड विकास अधिकारी सुदर्शन सिंह, ग्राम पंचायत इंदौरा के प्रधान सुरेश कुमार, उपप्रधान सुभाष, पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, विद्यालयों के विद्यार्थी, महिला मंडल, युवक मंडल, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।