उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के शिमला दौरे की तैयारियां तेज, जिला प्रशासन ने की समीक्षा बैठक

8 जुलाई: 10 जुलाई, 2026 को भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के प्रस्तावित शिमला दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपराष्ट्रपति के दौरे को सुरक्षित, सुचारु और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्धारित प्रोटोकॉल और तय समयसीमा के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हेलीकॉप्टर लैंडिंग स्थल पर सुरक्षा, बैरिकेडिंग, स्वच्छता, संचार व्यवस्था और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की समीक्षा करते हुए सुरक्षित अवतरण और उड़ान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा दल, एम्बुलेंस, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के साथ जीवनरक्षक दवाइयों और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अग्निशमन विभाग को हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अग्निशमन वाहनों, आवश्यक उपकरणों तथा प्रशिक्षित कर्मियों की पर्याप्त तैनाती करने को कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

बैठक में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था, यातायात और पार्किंग प्रबंधन, रूट प्लान, वीवीआईपी मूवमेंट, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्गों के निरीक्षण एवं आवश्यक मरम्मत, संचार व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, बिजली बैकअप और अन्य प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सभी विभागाध्यक्षों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के दौरान सभी व्यवस्थाएं भारत सरकार और राज्य सरकार के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित की जाएंगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *