8 जुलाई: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना डमटाल क्षेत्र से 274 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में अंतरराज्यीय नशा तस्करी से जुड़े पंजाब के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
एएसपी नूरपुर धर्मचंद वर्मा ने बताया कि मंगलवार को सीआईए टीम नियमित गश्त और मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए क्षेत्र में तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि अमृतसर से एक स्विफ्ट कार में सवार तीन व्यक्ति भारी मात्रा में चिट्टा लेकर भदरोआ, कंडवाल और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत भदरोआ स्थित वन विभाग विश्राम गृह के पास नाकाबंदी की। संदिग्ध वाहन के पहुंचने पर उसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पीछे की सीट पर बैठे आरोपी कुनाल अरोड़ा के स्लिंग बैग से 274 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही नशीले पदार्थ को जब्त कर वाहन को भी कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने इस मामले में थाना डमटाल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुनाल अरोड़ा निवासी अमृतसर, हैरी निवासी बटाला (जिला गुरदासपुर) और मोहित कुमार निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में मामला अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।