नालागढ़ में खैर की लकड़ी की तस्करी नाकाम, 96 लॉग्स समेत दो वाहन जब्त; दो आरोपी गिरफ्तार

4 जुलाई : नालागढ़ वन परिक्षेत्र की टीम ने अवैध खैर की लकड़ी की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 96 लॉग्स से लदे दो वाहनों को पकड़कर तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि जांच में एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता भी सामने आई है। वन विभाग ने जब्त की गई लकड़ी और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मामला पुलिस चौकी दभोटा को सौंप दिया है।

वन विभाग के अनुसार, वन खंड अधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में वन रक्षक विशाखा, संजीव, समीर, अजय तथा अन्य वन कर्मियों की संयुक्त टीम 2 जुलाई की देर रात बीट हटड़ा क्षेत्र में नियमित गश्त और नाकाबंदी कर रही थी। शुक्रवार तड़के करीब 2:45 बजे माजरी स्थित शिव मंदिर के समीप झिंडीवाला-भोगपुर मार्ग से आ रहे एक अशोक लेलैंड वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में अवैध रूप से काटी गई खैर की लकड़ी के 96 लॉग्स बरामद हुए। चालक नेक राम से लकड़ी के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वन विभाग ने वाहन समेत पूरी खेप को जब्त कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि तस्करी वाले वाहन को सुरक्षित निकालने के लिए एक ऑल्टो कार आगे-आगे रेकी कर रही थी। वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर कार को भी पकड़ लिया और चालक वीरू पुत्र छोटू निवासी झिंडीवाला को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में मुस्ताक नामक एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी तलाश की जा रही है।

वन विभाग ने खैर की लकड़ी के 96 लॉग्स तथा दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए मामला पुलिस चौकी दभोटा को सौंप दिया गया है।

वन परिक्षेत्राधिकारी (आरएफओ) नालागढ़ ने कहा कि वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। वन अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *