3 जुलाई: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से शैक्षणिक सत्र 2025-26 की पांचवीं, आठवीं, नौवीं, दसवीं, जमा एक और जमा दो कक्षाओं की सप्लीमेंट्री, कंपार्टमेंट और री-अपीयर परीक्षाएं आज (तीन जुलाई) से प्रदेशभर में शुरू हो रही हैं। अधिकांश परीक्षाएं निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी, जबकि नौवीं और जमा एक की पूरक परीक्षाएं संबंधित विद्यालयों में ही करवाई जाएंगी। बोर्ड ने परीक्षा संचालन को लेकर सभी केंद्र अधीक्षकों और विद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
बोर्ड के अनुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले प्रश्नपत्र और उत्तरपुस्तिका उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे ओएमआर शीट और अन्य आवश्यक विवरण सावधानीपूर्वक भर सकें। कक्षा दसवीं और जमा दो की परीक्षाएं सुबह 9 बजे शुरू होंगी, जबकि प्रश्नपत्र सुबह 8:45 बजे वितरित किए जाएंगे।
परीक्षाओं की पारदर्शिता और गोपनीयता बनाए रखने के लिए इस बार दसवीं और जमा दो के मुख्य विषयों के प्रश्नपत्र ए, बी, सी तथा विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के लिए ई सीरीज़ में तैयार किए गए हैं। विद्यार्थियों को उत्तरपुस्तिका या ओएमआर शीट पर प्रश्नपत्र की सही सीरीज़ स्पष्ट रूप से अंकित करना अनिवार्य होगा।
बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, पेजर सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के उपयोग और प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले परीक्षार्थियों के खिलाफ बोर्ड की परीक्षा नियमावली के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि नौवीं और जमा एक की पूरक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षार्थियों को उत्तर लिखते समय प्रश्नपत्र में अंकित सही प्रश्न संख्या का ही उल्लेख करना होगा।
स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने परीक्षार्थियों से ईमानदारी और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की अपील की है। उन्होंने अभिभावकों से भी कहा कि यदि किसी परीक्षा केंद्र पर नकल या किसी प्रकार की अनियमितता की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत शिक्षा बोर्ड को दें। बोर्ड ने भरोसा दिलाया है कि ऐसी सूचनाओं को पूरी गोपनीयता के साथ लिया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।