3 जुलाई: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। गुरुवार शाम तक बीते 24 घंटों के दौरान वर्षाजनित घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई जिलों में सड़कें बंद होने, पुल बहने और गांवों का संपर्क टूटने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार शिमला, चंबा, मंडी और लाहौल-स्पीति जिलों में अलग-अलग हादसों में लोगों की जान गई है।
लाहौल-स्पीति के उदयपुर क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटना में मंडी निवासी बस परिचालक ज्ञान चंद की मौत हो गई। वहीं चंबा जिले के भरमौर उपमंडल में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ से मंदिर तक जाने वाला लकड़ी का अस्थायी पुल बह गया, जिससे करीब 30 तीर्थयात्री फंस गए। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन, पर्वतारोहण संस्थान और लोक निर्माण विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। प्रशासन ने फंसे श्रद्धालुओं तक आवश्यक राहत सामग्री भी पहुंचाई।
किन्नौर जिले के रिस्पा में चेरंग खड्ड का जलस्तर बढ़ने से गांव को जोड़ने वाली एकमात्र सड़क बह गई, जिससे गांव का संपर्क पूरी तरह कट गया। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले वर्ष बाढ़ में लोहे का पुल बह जाने के बाद बनाई गई अस्थायी सड़क भी मानसून की पहली ही बारिश में बह गई। वहीं भाभा घाटी की सुरचो खड्ड में जलस्तर बढ़ने से एक और लकड़ी का पुल बह गया।
बारिश और भूस्खलन के चलते प्रदेशभर में 49 सड़कें बंद हैं। इनमें कुल्लू में 30, सिरमौर में आठ, चंबा में सात तथा लाहौल-स्पीति और ऊना में दो-दो सड़कें शामिल हैं। चंबा-भरमौर मार्ग भी भूस्खलन के कारण बंद है। इसके अलावा भारी बारिश से 42 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 27 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।
इस बीच सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने लाहौल-स्पीति में उफनते जाहलमा नाले को पार कर गंभीर रूप से बीमार महिला शांति देवी को सुरक्षित निकालकर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। महिला छाती के गंभीर संक्रमण और सांस लेने में तकलीफ से जूझ रही थी।
मंडी, कुल्लू और किन्नौर जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे उफनती नदियों, नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। वहीं शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने तीन जुलाई को छोड़कर पांच जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।