कुल्लू के कसोल में दर्दनाक हादसा, जलधारा में डूबने से पंजाब के युवक की मौत

3 जुलाई : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के पर्यटन स्थल कसोल में एक दर्दनाक हादसे में पंजाब के एक 21 वर्षीय पर्यटक की जलधारा में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पंजाब के कपूरथला निवासी अंशतेज के रूप में हुई है, जो अपने दोस्तों के साथ पार्वती घाटी घूमने आया था।

जानकारी के अनुसार,  जैनला क्षेत्र में अंशतेज अपने दोस्तों के साथ एक स्थानीय जलधारा में नहा रहा था। इसी दौरान तेज बहाव के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए दोस्तों ने शोर मचाकर मदद मांगी, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद उसे पानी से बाहर निकाला।

गंभीर हालत में अंशतेज को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

इस घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन ने लोगों से मानसून के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि बारिश के मौसम में नदियों, नालों और जलधाराओं का जलस्तर तथा बहाव अचानक बढ़ सकता है, जिससे ऐसे स्थान बेहद खतरनाक हो जाते हैं। पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे तेज बहाव वाले जल स्रोतों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *