बद्दी में मंदिर परिसर में मिला युवक का खून से लथपथ शव, सिर पर वार कर की गई हत्या की आशंका

2 जुलाई: पुलिस जिला बद्दी के तहत बरोटीवाला थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। बटेड गांव में गुरुवार सुबह एक 28 वर्षीय प्रवासी युवक का खून से लथपथ शव शिव मंदिर के प्रांगण में मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बरोटीवाला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान 28 वर्षीय आशुतोष कुमार गौरव पुत्र अजीत कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। वह बरोटीवाला स्थित एक निजी उद्योग में कार्यरत था और पिछले करीब सात से आठ वर्षों से अपने माता-पिता और बहन के साथ बटेड गांव में किराए के मकान में रह रहा था।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर की गई है। शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात को देखते हुए पुलिस हत्या के विभिन्न पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसपी विनोद धीमान ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच के लिए तीन से चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। फोरेंसिक साक्ष्यों सहित सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *