2 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल में मुबारिकपुर-रानीताल राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया। ढलियारा के खतरनाक तीखे मोड़ों पर अमरनाथ यात्रा पर जा रही एक निजी बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। बस में 49 श्रद्धालु सवार थे। संकट की इस घड़ी में चालक ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए बस को सुरक्षित स्थान पर मोड़ दिया, जिससे सभी यात्रियों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के जयपुर से अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का एक जत्था चार बसों में रवाना हुआ था। गुरुवार को जब इनमें से एक बस ढलियारा के तीखे मोड़ों से गुजर रही थी, तभी अचानक उसके ब्रेक जवाब दे गए। स्थिति बेहद गंभीर थी, लेकिन चालक ने घबराने के बजाय शिव मंदिर के पास मोड़ से पहले बस को सड़क किनारे बनी खुली जगह की ओर मोड़ दिया। बस वहीं रुक गई और एक बड़ा हादसा टल गया। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती तो बस गहरी खाई में गिर सकती थी।
घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई, जबकि बस को मामूली नुकसान पहुंचा है। सुरक्षित बचने के बाद श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली और चालक की सूझबूझ की सराहना की। यात्रियों ने भगवान भोलेनाथ का आभार जताते हुए कहा कि बाबा बर्फानी की कृपा से सभी की जान बच गई।
ढलियारा के तीखे मोड़ पहले भी कई हादसों के गवाह रहे हैं। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद दुर्घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीते एक सप्ताह के भीतर इस स्थान पर यह तीसरी घटना है, जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं।
लगातार हो रही घटनाओं के मद्देनजर एसपी देहरा संदीप धवल ने वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ढलान वाले मार्गों पर वाहन की गति नियंत्रित रखें, ब्रेक की पहले से जांच करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।