2 जुलाई: स्मार्ट सिटी धर्मशाला की शहरी सरकार को बुधवार को नया नेतृत्व मिल गया। धर्मशाला स्थित मिनी सचिवालय में शांतिपूर्ण और सर्वसम्मति से संपन्न हुए चुनाव में वार्ड-2 (भागसूनाग) के पार्षद शमशेर नेहरिया को नगर निगम का नया मेयर और वार्ड-8 (खेल परिसर) की पार्षद प्रेरणा गुलेरिया को डिप्टी मेयर निर्वाचित किया गया।
निर्विरोध चुनाव के साथ ही नगर निगम में भाजपा समर्थित पार्षदों का नेतृत्व स्थापित हो गया। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद कांगड़ा के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हेमराज बैरवा ने नवनिर्वाचित मेयर शमशेर नेहरिया और डिप्टी मेयर प्रेरणा गुलेरिया को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में धर्मशाला के विधायक एवं पदेन पार्षद सुधीर शर्मा भी मौजूद रहे। नगर निगम में भाजपा के 11 पार्षद निर्वाचित हुए थे। वहीं, एक निर्दलीय पार्षद ने भी भाजपा का समर्थन करते हुए उपमहापौर पद के लिए प्रेरणा गुलेरिया के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद दोनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित हो गया।
शपथ लेने के बाद नवनिर्वाचित मेयर शमशेर नेहरिया और डिप्टी मेयर प्रेरणा गुलेरिया ने विधायक सुधीर शर्मा के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार संभाला। उन्होंने शहर के विकास कार्यों को गति देने और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।