1 जुलाई: मुबारिकपुर-देहरा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-503) पर स्थित ढलियारा के खतरनाक मोड़ों पर सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार सुबह हनुमान मंदिर के समीप गहरी उतराई पर एक सामान से लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में लदा सामान सड़क पर बिखर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार ट्रक देहरा की ओर जा रहा था। जैसे ही वह ढलियारा की तीखी ढलान और घुमावदार मोड़ पर पहुंचा, चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक पलट गया। संयोगवश उस समय सामने से कोई अन्य वाहन नहीं आ रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उसी समय कोई वाहन सामने से गुजर रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार ढलियारा के ये घुमावदार मोड़ अब दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन चुके हैं। विशेष रूप से बाहरी राज्यों से आने वाले चालक यहां की भौगोलिक परिस्थितियों और तीखे मोड़ों से परिचित नहीं होते, जिससे वाहन अक्सर अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो जाते हैं।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन और एनएचएआई से स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि यहां चेतावनी संकेतक, स्पीड लिमिट बोर्ड, रंबल स्ट्रिप्स और क्रैश बैरियर लगाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद हादसे नहीं रुक रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि इस ब्लैक स्पॉट पर प्रभावी और तकनीकी सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।