30 जून : मंडी जिले के सुंदरनगर में धनोटू थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 1 किलो 139 ग्राम चरस बरामद कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहले मामले में पुलिस की एसटीएफ टीम ने नौलखा फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान कुल्लू की ओर से आ रही एक कार को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर कार की डिक्की से 1 किलो 55 ग्राम चरस बरामद हुई। इस कार्रवाई में राजस्थान के झुंझुनू जिले के रहने वाले 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष कुमार, वीरेंद्र कुमार, जॉकी और प्रमोद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरे मामले में धनोटू बाईपास पर नाकाबंदी के दौरान स्कूटी सवार दो युवकों से 84 ग्राम चरस बरामद की गई। आरोपी हमीरपुर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जिनकी पहचान पीयूष और अभिनव के रूप में हुई है।
पुलिस अब दोनों मामलों में यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।
एसपी विनोद कुमार ने कहा कि नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।